बीजापुर में नक्सलियों का कायराना हमला, भाजपा कार्यकर्ता की गला रेतकर हत्या, शव के पास छोड़ गया चेतावनी भरा पर्चा

बीजापुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर हिंसक कृत्य को अंजाम दिया है। माओवादी तत्वों ने भाजपा कार्यकर्ता पूनम सत्यम की हत्या कर दी। इस वारदात की जिम्मेदारी भाकपा (माओवादी) की माड़ेड़ एरिया कमेटी ने ली है।
बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, यह दुखद घटना थाना इलमिडी क्षेत्र के ग्राम मुंजाल कांकेर में हुई। भाजपा कार्यकर्ता पूनम सत्यम काफी समय से नक्सलियों के निशाने पर थे और उन्हें कई बार चेतावनी भी मिल चुकी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 4 से 5 नक्सली सादे वर्दी में पूनम सत्यम के घर पहुंचे। उन्होंने अपने पास रखी रस्सी से उन्हें गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद नक्सलियों ने मृतक के पास पर्चा फेंका, जिसमें माड़ेड़ एरिया कमेटी ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली।

यह घटना नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में राजनीतिक और सामाजिक सुरक्षा की चुनौती को फिर से उजागर करती है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी नक्सलियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।



