रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ से मानसून विदा, अब गुलाबी ठंड की आहट… जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

छत्तीसगढ़ से शुरू हुई मानसून की विदाई: 139 दिन सक्रिय रहने के बाद कांकेर से रवानगी, जल्द ही पूरा प्रदेश होगा शुष्क

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // दस साल का रिकॉर्ड तोड़कर इस वर्ष 28 मई को सुकमा से सबसे पहले छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर है। 139 दिन तक सक्रिय रहने के बाद इसकी रवानगी की शुरुआत कांकेर से हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में यह रायपुर से भी विदा ले सकता है, जबकि सप्ताहभर के भीतर अंबिकापुर तक मानसून पूरी तरह समाप्त होने की संभावना है।

1242 मिमी बारिश दर्ज, बलरामपुर में सर्वाधिक वर्षा
इस बार मानसून की अवधि में प्रदेश में औसतन 1242 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा बलरामपुर जिले में 1579 मिमी दर्ज की गई। सामान्यत: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई 5 अक्टूबर के आसपास होती है, लेकिन इस बार यह छह दिन देरी से 13 अक्टूबर को कांकेर से शुरू हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि परिस्थिति अनुकूल रहने पर एक सप्ताह में पूरा प्रदेश शुष्क हो जाएगा।

24 घंटे में दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में दुर्ग जिले का तापमान सबसे अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड में 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बारिश के मामले में भैरमगढ़ में सर्वाधिक 4 सेमी वर्षा दर्ज की गई। बीजापुर में 3 सेमी, गंगालूर में 2 सेमी, सुकमा और छिंदगढ़ में 1 सेमी बारिश हुई।

आज भी कुछ स्थानों पर हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि न्यूनतम तापमान में केवल हल्की गिरावट देखी जाएगी, बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है।

रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे
राजधानी रायपुर में आज दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। तापमान 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!