कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में सीएम विष्णुदेव साय के सख्त तेवर: तीन जिलों के एसपी पर बरसे, कानून व्यवस्था पर जताई कड़ी नाराजगी

धमतरी में हत्या-चोरी, कोरबा में अवैध खनन और महासमुंद में नशे के कारोबार पर फूटा गुस्सा, पुलिस अधिकारियों को दी चेतावनी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन सीएम के सख्त तेवर देखने को मिले। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए धमतरी, कोरबा और महासमुंद जिलों के एसपी को कड़ी फटकार लगाई। धमतरी में लगातार बढ़ती हत्या और चोरी की घटनाएं, कोरबा में अवैध खनन और महासमुंद में नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर सीएम ने गहरी नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार अन्य अपराधों को बढ़ावा देता है, इसलिए इसके खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। सीमावर्ती जिलों में सतर्कता बढ़ाने और PIT NDPS एक्ट के अंतर्गत समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर जोर
बैठक में सीएम साय ने महिला और बालिका से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निर्धारित समयावधि में चालान प्रस्तुत किए जाएं, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
साथ ही साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के तौर-तरीके लगातार बदल रहे हैं, इसलिए जनता को सतर्क करना जरूरी है। उन्होंने अंतर्विभागीय समन्वय के साथ व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाने, हेल्पलाइन नंबर के प्रचार-प्रसार और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि फिलहाल राज्य में 5 साइबर थाने संचालित हैं, और शीघ्र ही 9 नए थाने शुरू किए जाएंगे।
बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, रेंज आईजी, कलेक्टर, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



