छत्तीसगढ़ में मानसून विदाई की प्रक्रिया शुरू, दक्षिण क्षेत्र में अभी जारी रहेगी हल्की बारिश

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी की संभावना है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
नानगुर में सबसे ज्यादा 4 सेमी बारिश दर्ज
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर बारिश नानगुर में दर्ज की गई। इसके अलावा अकलतरा और पिपरिया में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि पथरिया, धनोरा, मुंगेली, छुरा, कुमरदा, चारामा, महासमुंद, सरायपाली, कांकेर, नांदघाट, बागबाहरा, कुंडा, भटगांव, सुकमा, बसना, बड़ेराजपुर और मालखरौदा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
बिलासपुर, नगरी, पिथौरा, नवागढ़, छुईखदान, देवभोग, सूरजपुर, पलारी, जांजगीर, लालपुर थाना, नेरहरपुर, सकरी, साल्हेवारा, गंडई, पामगढ़, खैरागढ़, सोनहत, लवन और केल्हारी में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
तापमान में आएगा बदलाव, रातें होंगी ठंडी
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि स्थानीय प्रभाव के चलते प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे रातें ठंडी महसूस होंगी।
राजधानी रायपुर में रहेगा आंशिक बादल छाया मौसम
राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



