छत्तीसगढ़ में जारी रहेगा बारिश का दौर, अगले तीन दिन तक मेघगर्जन और बरसात के आसार – मौसम विभाग का अलर्ट

अगले तीन दिन तक बारिश और मेघगर्जन के आसार, 10 अक्टूबर से उत्तर छत्तीसगढ़ में कमी की संभावना
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में फिलहाल मानसूनी गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ मेघगर्जन की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, 10 अक्टूबर से उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में बारिश और गर्जन की गतिविधियों में कमी आने के संकेत मिले हैं।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में, जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
मुख्य वर्षा वाले स्थानों में डभरा, पुसौर और छाल में 5 सेंटीमीटर, जबकि चांपा, पामगढ़, लोरमी, चंद्रपुर और बम्हनीडीह में 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा दुर्गकोंदल, बिल्हा, जैजैपुर, खरसिया और पिथौरा में 2 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजधानी रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज (8 अक्टूबर) दिनभर आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।



