रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना, मौसम विभाग ने चेताया

अगले दो दिन तक बरसात का सिलसिला जारी, मानसून की विदाई फिलहाल टली

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // – विदाई से पहले छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियाँ लगातार बनी हुई हैं। राजधानी रायपुर और प्रदेश के अन्य हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को हल्की से मध्यम वर्षा के लिए सतर्क किया है। 9 अक्टूबर से मौसम में बदलाव की संभावना है।

प्रदेश में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। नारायणपुर और फरसगांव में 6 सेमी, हरदीबाजार में 5 सेमी, मूंगेली, धनोरा, मना-रायपुर और देवभोग में 4 सेमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर शहर, अमलीपदर, नगरी और राजिम में 3 सेमी तक वर्षा हुई।
तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा 20°N/69°E से होते हुए झांसी और शाहजहांपुर तक पहुँच चुकी है। पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई पर प्रभाव डाल रहा है।

रायपुर में आज का मौसम
रायपुर में आज आसमान सामान्य रूप से बादलों से ढका रहेगा। गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मानसून की विदाई पर मौसम विज्ञानी की राय
मौसम विज्ञानी गायत्री वाणी कांचीभोटला के अनुसार, फिलहाल मानसून की विदाई की संभावना नहीं है। अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ में 4–5 दिन में मानसून की विदाई संभावित है, जबकि बस्तर संभाग में 7 दिनों तक लगातार वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। मध्य छत्तीसगढ़ में 4–5 दिन बाद बारिश में कमी आने की आशंका है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!