मध्यप्रदेश
मानसून विदाई से पहले जारी है तेज बारिश का दौर: मध्य प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल (शिखर दर्शन) // मानसून की विदाई से पहले मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है और कई स्थानों पर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में तेज बारिश हो रही है। अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। भोपाल, सिवनी, मंडला सहित कुल 47 जिलों में बारिश होने के आसार हैं। इंदौर, उज्जैन, सीहोर और राजगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा।
मध्य प्रदेश में मानसून ने 16 जून को दस्तक दी थी। अब तक प्रदेश के 12 जिलों—उज्जैन, ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, मंदसौर, भिंड, गुना, आगर मालवा, दतिया, रतलाम और नीमच—में मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके अलावा अशोकनगर और राजगढ़ के कुछ हिस्सों से भी मानसून विदा हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी जिलों से मानसून पूरी तरह विदा हो सकता है।



