Blog

गुवाहाटी पहुंचे CM मोहन यादव, मां कामाख्या देवी के किए दर्शन, बोले — मध्यप्रदेश बनेगा पूर्वोत्तर और भूटान के निवेशकों का भरोसेमंद केंद्र

कल असम में निवेशकों से करेंगे व्यक्तिगत चर्चा

गुवाहाटी ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को गुवाहाटी प्रवास के दौरान शक्तिपीठ मां कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन-पूजन कर राष्ट्रवासियों के सुख-समृद्धि और मध्यप्रदेश व असम की निरंतर उन्नति की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सीमा यादव ने भी मां कामाख्या देवी के दर्शन किए। मंदिर परिसर में समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

दर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी मजबूत नीतियों, संसाधनों और निवेश-अनुकूल वातावरण के बल पर आज निवेशकों का पसंदीदा राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि “राज्य की संकल्पबद्धता और पारदर्शी नीति निवेशकों को भरोसा देती है कि यहां उनके व्यवसाय को सफलता के सभी साधन उपलब्ध हैं।”

मुख्यमंत्री रविवार को पूर्वोत्तर राज्यों के निवेशकों और भूटान के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन चर्चा करेंगे। इस सत्र में रॉयल भूटान काउंसलेट के काउंसिल जनरल जिग्मे थिनायल नामग्याल भी संबोधित करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के निवेश-अनुकूल सेक्टरों, औद्योगिक नीतियों और विकास के नए अवसरों की जानकारी देंगे।

डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और बाजार तक आसान पहुंच इसे निवेश के लिए आदर्श केंद्र बनाते हैं। राज्य में एग्रो और फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल्स और अपैरल, फार्मा और हेल्थकेयर, सीमेंट, मिनरल्स, इंजीनियरिंग, पेट्रोकेमिकल्स, टूरिज्म, वेलनेस और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में निवेश की असीम संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल व्यापार नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर और मध्यप्रदेश के बीच आर्थिक विकास और स्थायी साझेदारी का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश पूर्वोत्तर के उद्योगपतियों और भूटान के निवेशकों के लिए भरोसेमंद और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण प्रदान करेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!