केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज जाएंगे बस्तर: ऐतिहासिक दशहरा में होंगे शामिल, मां दंतेश्वरी की करेंगे पूजा

रायपुर (शिखर दर्शन) // केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज अपने एकदिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर बस्तर पहुंचेंगे, जहां वे विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगे। शाह यहां मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना करेंगे और पारंपरिक दरबार में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। उनके आगमन को लेकर बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है और स्थानीय प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह बस्तर के इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण होगा, क्योंकि पहली बार कोई केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर दशहरा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह न केवल प्रदेश बल्कि पूरे बस्तर अंचल के लिए गौरव का विषय है।
नक्सलवाद अब अंतिम चरण में: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
नक्सलवाद उन्मूलन को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री के मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने के संकल्प पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, “नक्सलिज्म के समापन की दिशा अब बहुत आगे बढ़ चुकी है। पोलित ब्यूरो के सिर्फ चार सदस्य बचे हैं और सीसी मेंबर भी बहुत कम रह गए हैं। यह छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उचित समय आने पर नक्सलवाद का पूरी तरह समापन होगा।”
बस्तर दौरे के दौरान अमित शाह की यात्रा से न केवल नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास और शांति का संदेश जाएगा, बल्कि यह आयोजन बस्तर की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।



