दिल्ली में विजयादशमी उत्सव: राष्ट्रपति ने तीर चलाकर रावण दहन किया, पीएम मोदी और सोनिया गांधी के कार्यक्रम रद्द

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली के लाल किला मैदान पर श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित विजयादशमी उत्सव में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। राष्ट्रपति ने प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। उन्होंने कहा कि मानवता अच्छाई की जीत से फलती-फूलती है और भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के रावण पर मानवता की विजय का प्रतीक है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा, “जब आतंकवाद का दानव मानव जाति पर आक्रमण करता है, तो उसका वध करना आवश्यक हो जाता है। भारतीय सेना द्वारा किया गया ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के रावण पर मानवता की विजय का प्रतीक है। इसके लिए हम भारत माता की रक्षा करने वाले प्रत्येक योद्धा को नमन करते हैं और उनका आभार व्यक्त करते हैं।”

बारिश के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम रद्द
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहली बार पूर्वी दिल्ली में दशहरा पर्व देखने जाना था। लेकिन लगातार बारिश की वजह से उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। यह कार्यक्रम आईपी एक्सटेंशन स्थित श्रीरामलीला कमेटी, इंद्रप्रस्थ में तय था। इसी तरह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का भी कार्यक्रम रद्द हुआ।
विशेष चार पुतले जलाए गए
इस रामलीला कमेटी की खासियत रही कि इस बार रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के अलावा चौथा पुतला पहलगाम के आतंकियों का भी जलाया गया।
एनसीआर के अन्य शहरों में दशहरा उत्सव
गुरुग्राम के गौशाला ग्राउंड में दशहरा मेला समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
फरीदाबाद में दहन से पहले ही जमीन पर गिरे पुतले
वहीं, फरीदाबाद के एनआईटी दशहरा मैदान में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले दहन होने से पहले ही जमीन पर गिर गए। दशहरा कमेटी ने लगभग एक घंटे तक पुतले जलाने का प्रयास किया, लेकिन दहन सफल नहीं हो सका।



