मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में दशहरा पर भारी बारिश का अलर्ट, मानसून की विदाई से पहले मूसलाधार का असर

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में दशहरा के मौके पर मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने 3 और 4 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके तहत इंदौर, जबलपुर, नर्मदापुरम, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में एक लो प्रेशर एरिया सक्रिय है और ट्रफ भी गुजर रही है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का असर भी आने वाले दिनों में देखा जा सकता है। यही कारण है कि दशहरे के दिन यानी आज गुरुवार को भी कई जिलों में बारिश की संभावना है।

मानसून की विदाई
मध्य प्रदेश में मानसून की शुरूआत 16 जून को हुई थी। अब धीरे-धीरे विदाई शुरू हो गई है। उज्जैन, ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, मंदसौर, भिंड, गुना, आगर मालवा, दतिया, रतलाम और नीमच सहित प्रदेश के 12 जिलों में मानसून विदा हो चुका है। अशोकनगर और राजगढ़ के कुछ हिस्सों में भी मानसून की विदाई हो गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के सभी जिलों से 10 अक्टूबर तक मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा।

अब तक की बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक प्रदेश में 45 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। इस दौरान अनुमानित 37.3 इंच बारिश होनी थी, यानी औसत से 7 इंच अधिक पानी गिर चुका है। मध्य प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37.2 इंच मानी जाती है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नाले के पास अनावश्यक जोखिम न लेने की सलाह दी है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!