छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, अगले तीन दिन तक भारी वर्षा का अलर्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) // अक्टूबर की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विशेषकर दक्षिणी हिस्सों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है, जिसमें कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है।
सिनोप्टिक सिस्टम बना बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा में 9.6 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए अगले 12 घंटों में अवदाब में तब्दील होने की संभावना है। इसके आगे बढ़कर और प्रबल होकर गहरे अवदाब का रूप लेने और 3 अक्टूबर की सुबह दक्षिण उड़ीसा और उत्तर आंध्र तट पार करने की संभावना जताई गई है।
तीन दिन तक झमाझम बरसात
इन मौसमीय परिस्थितियों के चलते आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और बिजली गिरने की भी आशंका है।
- 3 अक्टूबर: दक्षिण छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना। प्रबल हवाओं से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका।
- 4 अक्टूबर: प्रदेश के मध्य भाग में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना।
लगातार बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि तेज हवाएं और पानी से खेतों में लगी फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
राजधानी रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में आज आसमान पर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। तापमान में गिरावट दर्ज होगी। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



