खेल

Asia Cup ट्रॉफी विवाद: मोहसिन नकवी ने आखिरकार मान ली हार, ACC ऑफिस में सौंपा ट्रॉफी

बीसीसीआई ने अपनाया कड़ा रुख

भारत द्वारा एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बाद जहां पूरा देश जश्न मना रहा था, वहीं फाइनल मुकाबले के बाद ट्रॉफी को लेकर मचा विवाद अभी तक थमा नहीं है। 28 सितंबर को दुबई में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता, लेकिन टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने होटल ले गए, जिससे क्रिकेट जगत हैरान रह गया और विवाद गहराता चला गया।

नकवी ने ACC ऑफिस में जमा कराई ट्रॉफी

अब ताजा घटनाक्रम में मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी ACC ऑफिस में जमा करा दी है। हालांकि, भारतीय टीम को ट्रॉफी कब तक सौंपी जाएगी, यह अभी तक साफ नहीं है। नकवी का यह कदम साफ करता है कि उन पर बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते झुकना पड़ा है।

बीसीसीआई का आक्रामक रुख

ट्रॉफी विवाद पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) शुरू से ही सख्त रुख अपनाए हुए है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि नकवी का व्यवहार “अनुचित और असभ्य” था, जिससे न केवल ACC बल्कि आईसीसी की प्रतिष्ठा को भी धक्का लगा है। उन्होंने संकेत दिए कि इस मुद्दे को आईसीसी की अगली बैठक में उठाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई नकवी के खिलाफ महाभियोग लाने पर भी विचार कर रहा है।

पाकिस्तान में भी बढ़ी आलोचना

फाइनल मुकाबले और उसके बाद के विवाद ने नकवी की साख पर गहरा असर डाला है। वे न केवल एसीसी और पीसीबी के अध्यक्ष हैं, बल्कि पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं। पाकिस्तान की हार और ट्रॉफी प्रकरण के चलते देश के अंदर ही उनकी कड़ी आलोचना हो रही है। कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने तो उन्हें पीसीबी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की सलाह तक दे डाली है।

अभी बाकी है ट्रॉफी का सफर

भारत की ऐतिहासिक जीत के बावजूद ट्रॉफी विवाद ने क्रिकेट प्रेमियों को निराश किया है। अब जबकि नकवी ने ट्रॉफी ACC ऑफिस में जमा कर दी है, सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि यह ट्रॉफी आखिरकार भारतीय टीम तक कब पहुंचेगी। बीसीसीआई के सख्त रुख को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह विवाद अभी और लंबा खिंच सकता है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!