जबलपुर में बस हादसा: नो एंट्री में घुसी अनियंत्रित बस ने कई वाहन मारे टक्कर, दुर्गा पंडाल तक पहुंची, 13 घायल, भगदड़ मची, घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी

जबलपुर (शिखर दर्शन) // जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के गौरी तिराहे पर मंगलवार रात एक भीषण बस हादसा हुआ, जिसमें एक अनियंत्रित बस नो एंट्री में घुसते हुए कई वाहनों को टक्कर मारते हुए दुर्गा पंडाल तक पहुंच गई। इस घटना में 13 लोग घायल हो गए, जिनमें से आठ को प्राथमिक इलाज के बाद सिविल अस्पताल सिहोरा से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल मरीजों को मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद वहां भगदड़ मच गई और गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ भी की। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सिहोरा संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।
कलेक्टर ने रेफर किए गए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश मेडिकल कॉलेज के डीन और चिकित्सा अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही घायलों के इलाज और देखरेख के लिए एसडीएम गोरखपुर एवं संयुक्त कलेक्टर अनुराग सिंह को तैनात किया गया है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने दुर्घटना पर गहरी चिंता जताते हुए तुरंत कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से संपर्क किया और घायलों के बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हादसे के कारण इलाके में भारी तनाव का माहौल था, लेकिन प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर काबू पा लिया गया।



