रायपुर संभाग

प्रदेश में आज की बड़ी खबरें : वृद्धजन दिवस कार्यक्रम से लेकर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस तक

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // आज 1 अक्टूबर को राजधानी रायपुर और प्रदेशभर में कई अहम कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वृद्धजन दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन में शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस पार्टी सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी में है। दूसरी ओर नियमित बिजली कर्मचारी काली पट्टी आंदोलन की शुरुआत करेंगे, जबकि बार-रेस्टोरेंट संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक भी आज नवा रायपुर में होगी।


मुख्यमंत्री आज वृद्धजन दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 12:30 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम में आयोजित राज्य स्तरीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद मंत्रालय लौटकर राज्योत्सव की तैयारियों पर अधिकारियों से चर्चा कर सकते हैं। शाम 5:55 बजे वे निवास लौटेंगे।


कांग्रेस का सरकार पर बड़ा हमला, सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस पार्टी ने आज प्रदेश के सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसमें गौ-वंश की तस्करी और मौत के मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाए जाएंगे। कांग्रेस का दावा है कि अब तक 5 लाख से अधिक गौ-वंश की मौत या तस्करी हुई है। इन पत्रकार वार्ताओं में स्थानीय विधायक, वरिष्ठ नेता और जिला अध्यक्ष शामिल रहेंगे।


बिजली कर्मचारियों का विरोध, काली पट्टी लगाकर करेंगे काम

पावर कंपनी के नियमित, संविदा और ठेका कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर आज से आंदोलन पर उतर रहे हैं। नियमित कर्मचारी काली पट्टी लगाकर काम करेंगे, वहीं संविदा कर्मचारी 1 और 2 अक्टूबर को काम बंद रखेंगे। उनकी 22 सूत्रीय मांगों में ओपीएस बहाली, संविदा कर्मचारियों का नियमितिकरण, तकनीकी भत्ता समेत कई मुद्दे शामिल हैं। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 9 अक्टूबर तक मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।


बार-रेस्टोरेंट संचालकों की बैठक आज

प्रदेश के बार-रेस्टोरेंट संचालकों की बैठक आज दोपहर 1 बजे नवा रायपुर स्थित जीएसटी भवन में होगी। बैठक में संचालन समय, लाइसेंस शर्तों, शराब-बियर की बिक्री और नाबालिगों को शराब बिक्री पर सख्ती जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। हाल ही में रायपुर कलेक्टर ने नियम उल्लंघन पर सात बार-रेस्टोरेंट का लाइसेंस तीन दिन के लिए निलंबित किया था, जिसके बाद यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


राजधानी रायपुर में आज के प्रमुख आयोजन

  • राज्य स्तरीय वृद्धजन दिवस – कृषि मंडपम, जोरा – सुबह 11 बजे से।
  • देवियों की चैतन्य झांकी – शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर, सड्डू – शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक।
  • नवपद ओली सारस स्नात्र पूजा व प्रवचन – श्रीजैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक समाज, विवेकानंद नगर – सुबह 6 बजे से।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!