रायपुर संभाग

16 साल की प्रेमिका ने अपने प्रेमी का गला रेतकर की हत्या: वारदात के बाद लॉज में लाश छोड़ हुई फरार, थाने पहुंचकर किया सरेंडर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवन लॉज में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। पुलिस के अनुसार, लॉज में ठहरी 16 वर्षीय नाबालिग युवती ने अपने प्रेमी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है, जो मूलतः बिहार का रहने वाला था और वर्तमान में बिलासपुर में रह रहा था।

विवाद के बाद हत्या

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी नाबालिग युवती 27 सितंबर को अपने प्रेमी सद्दाम के साथ लॉज में ठहरी हुई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि लड़की ने कथित तौर पर धारदार हथियार से सद्दाम के गले पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

घटना को छिपाने की कोशिश

हत्या के बाद युवती ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और सद्दाम का मोबाइल अपने साथ ले गई। कमरे की चाबी उसने रेलवे ट्रैक पर फेंक दी। इसके बाद वह सीधे अपने घर लौटी और मां को पूरी घटना की जानकारी दी। मां-बेटी ने मिलकर बिलासपुर पुलिस को मामले की सूचना दी।

पुलिस जांच जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतक का मोबाइल और अन्य सबूतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि नाबालिग से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और दोषी को न्यायालय में पेश कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!