दुर्गा पूजा में अनोखी थीम: असुर के रूप में डोनाल्ड ट्रंप, सुर्खियों में बहरामपुर का खागरा श्मशान घाट पंडाल

मुर्शिदाबाद ( शिखर दर्शन ) // बहरामपुर स्थित खागरा श्मशान घाट दुर्गा पूजा समिति ने इस वर्ष अपने 59वें दुर्गोत्सव को एक अनूठी थीम के साथ मनाकर पूरे देश का ध्यान खींच लिया है। इस बार समिति ने दुर्गा प्रतिमा में असुर (राक्षस) का रूप अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को देकर विवाद और आकर्षण दोनों पैदा कर दिए हैं।
कलाकार असीम पाल की अनोखी कारीगरी
इस अनोखी प्रस्तुति को प्रसिद्ध कलाकार असीम पाल ने साकार किया है। उन्होंने ट्रंप के चेहरे के हावभाव और अभिव्यक्तियों को बेहद बारीकी से असुर के रूप में ढालकर प्रतिमा को वास्तविकता से जोड़ दिया है।
क्यों चुना गया ट्रंप को असुर ?
आयोजन समिति के सदस्य प्रतीक ने बताया कि इस थीम के पीछे भारत-अमेरिका संबंधों और ट्रंप की नीतियों से जुड़ी नाराजगी है। उनका कहना था, “हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को मित्र माना, लेकिन उन्होंने 50% टैरिफ लगाकर भारत के साथ विश्वासघात किया। यह भारत की पीठ में छुरा घोंपने जैसा था, इसलिए उन्हें असुर के रूप में दर्शाया गया है।”
जनता की भीड़ और जबरदस्त प्रतिक्रिया
बहरामपुर नगर पालिका के मेयर ने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। तब से ही हजारों लोग इस अनोखे थीम को देखने उमड़ रहे हैं। आयोजन समिति का कहना है कि दर्शकों से उन्हें बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और लोग इस पहल को प्रभावशाली मान रहे हैं।

भारत में ट्रंप की लोकप्रियता और विरोध
यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप भारत में इस तरह से चर्चा में आए हों। वर्ष 2018 में तेलंगाना के किसान बुस्सा कृष्णा ने ट्रंप के लिए मंदिर बनवाया था और उनकी 6 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित कर रोजाना पूजा-अर्चना करते थे। तब उन्हें भारत-अमेरिका संबंधों का रक्षक माना गया था।
अब वही ट्रंप असुर के प्रतीक के रूप में दुर्गा पूजा के पंडाल में दिखाई दे रहे हैं, जो भारत-अमेरिका संबंधों की बदलती परिस्थितियों और जनता की सोच का अनोखा प्रतिबिंब है।



