दिल्ली

17 लड़कियों के शोषण के आरोपी चैतन्यानंद 5 दिन की रिमांड पर, दिल्ली पुलिस ने आगरा से दबोचा

5 दिन की रिमांड पर चैतन्यानंद, दिल्ली पुलिस करेगी काले कारनामों की पड़ताल

दिल्ली (शिखर दर्शन) // 17 लड़कियों के यौन शोषण और करोड़ों के घोटाले में आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को दिल्ली पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने पुलिस की मांग पर उसे 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया। इस दौरान पुलिस उससे उसकी करतूतों और आरोपों से जुड़ी जानकारी जुटाएगी।

फरारी में बदले 13 होटल

दिल्ली पुलिस ने देर रात आगरा के एक होटल में दबिश देकर बाबा को पकड़ा। जानकारी के अनुसार, फरारी के दौरान उसने करीब 13 होटल बदले और अंत में एक ऐसे होटल में छिपा था, जहां साधु-संत ठहरे हुए थे। पुलिस ने यहां 15 मिनट तक उससे पूछताछ की और फिर हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल कराया गया। उसके पास से बरामद BMW कार मठ के नाम पर पाई गई।

40 करोड़ का घोटाला उजागर

1998 में दिल्ली के उपराज्यपाल ने वसंत कुंज स्थित शारदा पीठ का प्लॉट मठ को आवंटित किया था। बाबा को सीमित कार्यों के लिए अधिकृत किया गया था, लेकिन 2008 में उसने बिना अनुमति मठ का नाम बदलकर फर्जी तरीके से 40 करोड़ रुपए का घोटाला किया। आरोप है कि उसने मठ की प्रॉपर्टी को बिना अनुमति किराए पर भी दे दिया।

दो फर्जी पासपोर्ट और झूठी पहचान

पुलिस जांच में सामने आया है कि बाबा के पास दो पासपोर्ट हैं—एक स्वामी पार्थ सारथी के नाम से और दूसरा स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती के नाम से। दोनों ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बने थे। दोनों पासपोर्ट में माता-पिता के नाम और जन्मस्थान की जानकारी अलग-अलग दर्ज है। इतना ही नहीं, बाबा प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़ा होने का दावा कर अपने समर्थकों के जरिए लोगों पर दबाव भी बनाता था।

फर्जी विजिटिंग कार्ड और अंतरराष्ट्रीय पहचान का झांसा

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बाबा से दो फर्जी विजिटिंग कार्ड भी बरामद किए। एक कार्ड पर वह खुद को यूनाइटेड नेशन का परमानेंट एंबेसडर बताता था, जबकि दूसरे कार्ड पर उसने खुद को ब्रिक्स देशों के ज्वाइंट कमीशन का सदस्य और भारत का स्पेशल इन्वॉय बताया था।

तीन मोबाइल फोन भी बरामद

पुलिस ने आरोपी बाबा से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें एक आईफोन भी शामिल है। जांच में पता चला कि फरारी के दौरान वह वृंदावन, मथुरा और आगरा के इलाकों में घूमता रहा और 13 से अधिक बार होटल बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा।

👉 मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच चुका है और पुलिस की रिमांड अवधि में बाबा की और भी गहरी करतूतों के खुलासे की संभावना है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!