तमिलनाडु में विजय की रैली में भगदड़ से 31 की मौत: CM विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुख, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की चुनावी रैली में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग बेहोश हो गए, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में 31 से अधिक लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

इस भीषण हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा—
“इस हृदयविदारक घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दे।”
मुख्यमंत्री साय ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरे देश की संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों और प्रभावित लोगों के साथ हैं।



