रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम: कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी

अक्टूबर की शुरुआत होगी तेज वर्षा के साथ

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। वहीं बंगाल की खाड़ी में 1 अक्टूबर को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके असर से अक्टूबर की शुरुआत बारिश के साथ हो सकती है।

बीते 24 घंटे में दुर्ग और बस्तर में भारी वर्षा

पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग और बस्तर संभाग के कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई। तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम 31.6 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सिनोप्टिक सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण तटीय उड़ीसा पर अवदाब सक्रिय है, जो पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके छत्तीसगढ़ के ऊपर पहुंचने के बाद क्रमिक रूप से कमजोर होने की संभावना है। वहीं उड़ीसा से लेकर गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा 30 सितंबर को उत्तर अंडमान सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बनने और 1 अक्टूबर तक उत्तर बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने के आसार हैं। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।

आज इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने आज कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।

  • ऑरेंज अलर्ट : बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना।
  • यलो अलर्ट : सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर सहित अन्य जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दिन का तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!