नो कार डे पर इंदौर में कलेक्टर और महापौर ने दी मिसाल, बाइक और साइकिल चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नो कार डे: कलेक्टर स्कूटी पर, महापौर साइकिल पर, जनता से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
इंदौर (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में नो कार डे पर आज एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली। कलेक्टर शिवम वर्मा और महापौर पुष्यमित्र भार्गव खुद वाहन छोड़कर सड़कों पर दोपहिया से निकले और शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव सुबह साइकिल से पलासिया से होते हुए राजवाड़ा और फिर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। वहीं, कलेक्टर शिवम वर्मा ने अपने घर से कलेक्टर कार्यालय तक स्कूटी चलाकर सफर किया। दोनों अधिकारियों ने अपने इस कदम से साफ संदेश दिया कि यदि शहरवासी कार के बजाय सार्वजनिक परिवहन या साइकिल का उपयोग करें, तो न सिर्फ प्रदूषण और ट्रैफिक कम होगा बल्कि स्वास्थ्य और ऊर्जा बचत में भी मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने अपील की कि नागरिक भी नो कार डे को गंभीरता से लें और कम से कम एक दिन कार का उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से ट्रैफिक दबाव घटेगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी बड़ा योगदान मिलेगा।
इंदौर प्रशासन और नगर निगम की इस पहल को लोगों ने सराहा और कई युवाओं ने भी दोपहिया और साइकिल से सफर कर अभियान का हिस्सा बने। दीपावली से पहले आयोजित यह कार्यक्रम शहरवासियों के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता का मजबूत संदेश लेकर आया।



