भावनगर में पीएम मोदी का रोड शो, 34,200 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

कहा- भारत का असली दुश्मन है परनिर्भरता, आत्मनिर्भर भारत ही है 100 दुखों की दवा
भावनगर ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने गुजरात दौरे की शुरुआत भावनगर में भव्य रोड शो के साथ की। हजारों लोगों की मौजूदगी में पूरे शहर का माहौल देशभक्ति और उत्साह से गूंज उठा। इसके बाद गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 34,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें ‘समुद्र से समृद्धि’ जैसी अहम योजनाएं भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की असली चुनौती बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता है। उन्होंने कहा, “दुनिया में हमारा कोई दुश्मन नहीं है। लेकिन सच में अगर कोई दुश्मन है तो वो है हमारी परनिर्भरता। हमें इस दुश्मन को हराना होगा। दूसरों पर निर्भर रहेंगे तो आत्मसम्मान को चोट पहुंचेगी और भविष्य की पीढ़ी के सपने अधूरे रह जाएंगे। 100 दुखों की एक दवा है आत्मनिर्भर भारत।”

पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत आज विश्व बंधु की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है और पूरी दुनिया भारत की प्रगति की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने गुजरात की धरती को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प भी दोहराया।



