रायपुर में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की हलचल

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश की राजधानी आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक आयोजनों का केंद्र बनी रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जहां राज्योत्सव 2025 की तैयारियों पर अहम बैठक करेंगे, वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, कांग्रेस की वोटर अधिकार रैली का समापन और एनएचएम कर्मियों का जेल भरो आंदोलन सुर्खियों में रहेंगे। इसके साथ ही अग्रसेन जयंती महोत्सव और भेद विज्ञान साधना शिविर जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन राजधानी के वातावरण को जीवंत बनाएंगे।
मुख्यमंत्री साय का दौरा और राज्योत्सव की तैयारी
मुख्यमंत्री साय आज सुबह 11:30 बजे रायपुर से राजिम के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12 बजे “राजिम से रायपुर” स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद 1:30 बजे राजधानी लौटकर मंत्रालय पहुंचेंगे और दोपहर 3 बजे अधिकारियों की बैठक लेकर राज्योत्सव 2025 की तैयारियों पर दिशा-निर्देश देंगे।
शिक्षा विभाग की अहम बैठक
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आज सुबह 11 बजे मंत्रालय महानदी भवन में होगी। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में रिक्त पदों पर भर्ती, योजनाओं की समीक्षा और स्कूलों में अधोसंरचना विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस की वोटर अधिकार रैली का समापन
कांग्रेस की वोटर अधिकार रैली का आज अंतिम चरण है। यह रैली राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई पहुंचेगी, जहां बड़ी सभाएं होंगी। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। तीन दिवसीय पदयात्रा का समापन भिलाई में होगा, जिसमें कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा जनता तक पहुंचाएगी।
NHM कर्मियों की हड़ताल और जेल भरो आंदोलन
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मियों की एक माह से जारी हड़ताल लगातार तेज होती जा रही है। सरकार के अल्टीमेटम के बावजूद कर्मचारी काम पर नहीं लौटे हैं। सूरजपुर में 594, बलौदाबाजार और कोरबा में 200 कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। आज नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर कर्मचारी जेल भरो आंदोलन करेंगे।
सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन से गुलजार राजधानी
- अग्रसेन जयंती महोत्सव: अग्रवाल समाज महिला मंडल द्वारा सुबह 10 बजे से अग्रवाल भवन, पुरानी बस्ती में रंगोली, मेहंदी, आरती थाल सजाओ, कुर्सी दौड़ और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
- सांस्कृतिक कार्यक्रम: दोपहर 3 बजे से अग्रसेन धाम, छोकरानाला में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनका आयोजन अग्रवाल सभा रायपुर करेगी।
- भेद विज्ञान साधना शिविर: जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक समाज एवं चातुर्मास समिति द्वारा पटवा भवन, टैगोर नगर में यह शिविर सुबह 8:30 से 11 बजे और दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित होगा।



