नक्सलियों ने युवक का किया अपहरण, 1000 से ज्यादा जवान तलाश में उतरे, हत्या की आशंका गहराई

बालाघाट ( शिखर दर्शन ) // लांजी थाना क्षेत्र के अति नक्सल प्रभावित इलाके से नक्सलियों द्वारा एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। मुखबिरी के शक में अपहृत युवक की तलाश में पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। मंगलवार से लापता युवक की तलाश के लिए पुलिस ने 1000 से अधिक जवानों को जंगल में उतारा है। वहीं, आईजी ने उसकी हत्या की आशंका भी जताई है, हालांकि शव मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दहियान जंगल से किया अपहरण
जानकारी के अनुसार, ग्राम पौंसेरा निवासी देवेंद्र यादव का नक्सलियों ने 16 सितंबर की देर शाम अपहरण कर लिया। देवेंद्र दहियान गांव में रहकर घी और दही बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। इसी दौरान सुलसुली पुलिस चौकी क्षेत्र के चौरिया जंगल में नक्सलियों ने उसे उठा लिया।
मौके पर छोड़े पर्चे
देवेंद्र के चाचा ने पुलिस को जानकारी दी कि हथियारबंद नक्सली उसे जबरन ले गए और घटना स्थल पर मलाजखंड एरिया कमेटी के नाम से दो पर्चे छोड़े। पर्चों में देवेंद्र को पुलिस का मुखबिर बताते हुए मौत की सजा देने का उल्लेख किया गया है।
1000 जवानों का सर्च अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1000 जवानों को जंगल में सर्चिंग और नक्सलियों की घेराबंदी के लिए उतारा है। बावजूद इसके अब तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।
आईजी ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि युवक के अपहरण की जानकारी मिली है और उसकी तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार की स्थिति
देवेंद्र के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन पौंसेरा गांव में रहती है। देवेंद्र अकेले दहियान में रहकर मेहनत-मजदूरी से जीवनयापन करता था।



