PM Modi के 75वें जन्मदिन: बच्चों ने 21 भाषाओं में दी शुभकामनाएं, CM रेखा ने किया खास सॉन्ग लॉन्च

प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर दिल्ली सरकार ने बच्चों और जनता के साथ खास कार्यक्रमों का आयोजन
दिल्ली (शिखर दर्शन) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार ने विशेष रूप से बच्चों, शिक्षकों और आम जनता के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं। राजधानी में मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किए गए गीत “नमो प्रगति दिल्ली – बाल स्वर से राष्ट्र स्वर तक” का शुभारंभ किया। इस गीत में बच्चों ने 21 भाषाओं में स्वर मिलाकर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “सालों से प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के लिए जीवनरेखा की तरह काम कर रहे हैं। पिछली सरकारें केवल आलोचना करती रहीं, लेकिन हमारी सरकार दिल से उनका आभार प्रकट करती है।” उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए शुभकामना कार्डों के लिए धन्यवाद दिया और बताया कि ये कार्ड बुधवार तक प्रधानमंत्री मोदी को भेज दिए जाएंगे।
सेवा पखवाड़ा और विशेष कार्यक्रम
दिल्ली सरकार की ओर से 15 दिनों के ‘सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान शिक्षा क्षेत्र में कई नई पहल शुरू की जाएंगी। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि स्कूलों से लेकर नए पाठ्यक्रम, राष्ट्र नीति, ‘नीव’ और ‘निपुण’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों की शिक्षा और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने ‘विकसित भारत के रंग, कला के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया है, जिसमें विश्व कीर्तिमान बनाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, 17 सितंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ता ब्लड डोनेशन करेंगे।
विशेष मॉर्निंग वॉक और प्रदर्शनी
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार सुबह 7 बजे कर्तव्य पथ पर विशेष मॉर्निंग वॉक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दिल्ली सरकार के मंत्री, स्कूली बच्चे और आम लोग शामिल होंगे। इसके अलावा, राजधानी के 3 हजार RWA, वन रक्षक और औद्योगिक श्रमिकों को आधुनिक इलेक्ट्रिक हीटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
पीएम मोदी की उपलब्धियों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जो राष्ट्रनिर्माण की यात्रा और सरकार की नीतियों को प्रदर्शित करेगी।



