छत्तीसगढ़ में विदाई की ओर मानसून, बस्तर-बिलासपुर में भारी बारिश, अगले तीन दिन तक जारी रह सकती है बरसात

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेशभर में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई है। बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई, जिसमें कांकेर जिले के चारामा में 8 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि विदाई के करीब पहुंच रहे मानसून के कारण आसमान का रंग भी बदलने लगा है। अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, जिसके बाद वर्षा में कमी आएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक 13 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं, बस्तर संभाग और उससे लगे रायपुर व दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है।
बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से छत्तीसगढ़ में नमी मिल रही है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम खाड़ी क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जिसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने से दक्षिण ओडिशा, उत्तर आंध्रप्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ के हिस्सों में अगले दो दिनों तक इसका असर देखने को मिलेगा।
इसके अलावा मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर अमृतसर, मुजफ्फरपुर, हरदोई, डाल्टनगंज से होकर इस निम्न दबाव केंद्र तक फैली हुई है। वहीं, एक अन्य द्रोणिका बंगाल की खाड़ी से दक्षिण महाराष्ट्र तक छत्तीसगढ़ से गुजर रही है, जो 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है। साथ ही, एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व झारखंड के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है, जिससे छत्तीसगढ़ में नमी की आपूर्ति बनी हुई है।



