दिल्ली से लौटे CM विष्णुदेव साय, गरियाबंद मुठभेड़ पर बोले- BJP सरकार में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी

जवानों के साहस को किया नमन, नक्सलियों के खिलाफ जारी रहेगा कड़ा अभियान
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // भारत के नए उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली से रायपुर लौट आए। राजधानी पहुंचने के बाद उन्होंने गरियाबंद में नक्सलियों के खिलाफ हाल ही में हुई बड़ी मुठभेड़ पर महत्वपूर्ण बयान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई तेज हुई है। केंद्रीय सुरक्षा बल और राज्य पुलिस बल के जवान अदम्य साहस और वीरता के साथ लगातार अभियान चला रहे हैं। इस दौरान कई बार उन्हें बड़ी सफलता भी मिली है।
साय ने गुरुवार को गरियाबंद जिले में हुई नक्सली मुठभेड़ को इस लड़ाई की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जवानों ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है और इस अभियान में भारी सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री ने बहादुर जवानों को नमन करते हुए कहा कि सरकार नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।



