उप मुख्यमंत्री अरुण साव सख्त : भू-अर्जन और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, सुस्त रफ्तार पर जताया असंतोष

सड़क और भवन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर उप मुख्यमंत्री सख्त, दिसंबर तक सभी सड़कों की मरम्मत का आदेश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में विभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सड़क और भवन निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर कड़ा असंतोष जताया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भू-अर्जन, प्राक्कलन, निविदा, अनुबंध और कार्यादेश से जुड़े सभी प्रक्रियात्मक कार्य अगली बैठक से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, सेतु और भवन निर्माण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने जिला कलेक्टरों के साथ मिलकर भू-अर्जन की प्रक्रिया को गति देने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने पर बल दिया। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में अधिक सक्रिय और जिम्मेदार रहने की नसीहत दी।
बरसात खत्म होते ही प्रदेशभर में सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने और दिसंबर तक इसे पूरा करने का आदेश भी श्री साव ने दिया। उन्होंने डीपीआर तैयार करते समय परियोजनाओं का सटीक मूल्यांकन करने की सलाह दी ताकि बाद में बजट और समय-सीमा में फेरबदल की नौबत न आए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों और एडीबी परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, सेतु बंध और सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्व गंभीरता से निभाने और प्रस्तावित कार्यों की त्वरित मंजूरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



