दिल्ली

उप राष्ट्रपति चुनाव 2025 : मतदान संपन्न, शाम 7 बजे आएंगे नतीजे; NDA के सी.पी. राधाकृष्णन और विपक्ष के सुदर्शन रेड्डी में सीधा मुकाबला

नई दिल्ली ( शिखर शिखर ) // देश के 17वें उप राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान संपन्न हो गया। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चला और अब परिणाम शाम 7 बजे तक घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत लगभग सभी सांसदों ने मतदान किया।

96 प्रतिशत मतदान, करीब 760 सांसदों ने डाले वोट

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अपराह्न तीन बजे तक 96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विपक्षी सूत्रों का कहना है कि करीब 760 सांसदों ने वोट डाले। लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य इस चुनाव में हिस्सा लेते हैं और वे किसी पार्टी व्हिप से बाध्य नहीं होते।

मुकाबला NDA और विपक्ष के बीच

इस बार का चुनाव सीधा मुकाबला सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन और विपक्ष के प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी के बीच है। निर्वाचक मंडल में लोकसभा के 543 निर्वाचित सदस्य (एक सीट रिक्त), राज्यसभा के 233 निर्वाचित सदस्य (पांच सीटें रिक्त) और 12 मनोनीत सदस्य शामिल हैं। वर्तमान में कुल 781 सदस्य वोटिंग के पात्र हैं।

बीजद, बीआरएस और शिअद ने बनाई दूरी

बीजू जनता दल (बीजद), भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने चुनाव से दूरी बनाई है। ऐसे में मतदान करने वालों की संख्या लगभग 770 तक सीमित रहने की संभावना है।

निर्दलीय सांसदों का बहिष्कार

पंजाब के फरीदकोट से निर्दलीय सांसद सरबजीत सिंह खालसा और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह ने मतदान का बहिष्कार किया।

अखिलेश यादव का BJP पर हमला

इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, “ये वोट तो अंतरात्मा पर पड़ते हैं। पूरा देश जानता है कि BJP एक इस्तेमाली पार्टी है—पहले इस्तेमाल करो, फिर बर्बाद करो। हमारे पूर्व उपराष्ट्रपति के साथ भी यही हुआ। नतीजे हमारे पक्ष में आएंगे।”


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!