बिलासपुर में कांग्रेस का महा प्रदर्शन : सचिन पायलट के नेतृत्व में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आमसभा, मंच पर प्रदेश के दिग्गज नेता मौजूद
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिलासपुर में बड़ा प्रदर्शन कर रही है। मुंगेली नाका स्थित ग्रीन गार्डन मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आमसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हैं। यह अभियान राहुल गांधी के आह्वान पर पूरे देश में चल रहा है।
सभा में कुछ ही देर में सचिन पायलट शामिल होंगे। मंच पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव समेत अन्य नेता मौजूद हैं। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल समेत सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में सभा में पहुंचे हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि जनता को जागरूक करने के लिए पूरे प्रदेश में यात्रा और जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी हो रही है और लोकतंत्र के साथ हेराफेरी की जा रही है। पायलट ने कहा कि राहुल गांधी के साथ विपक्ष खड़ा है और सभी मिलकर लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। उन्होंने 15 तारीख से प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की भी जानकारी दी।
सचिन पायलट ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता वोट चोरी बर्दाश्त नहीं करेगी। सभी नेता और कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से जनता को जागरूक करेंगे और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।



