अन्तर्राष्ट्रीय

अफगानिस्तान में भूकंप से तबाही: 509 की मौत, 1500 से अधिक घायल

दिल्ली-एनसीआर और पाकिस्तान में भी महसूस किए गए झटके

अफगानिस्तान (शिखर दर्शन) // अफगानिस्तान में रविवार रात आए भीषण भूकंप ने एक बार फिर तबाही मचा दी है। 6.3 तीव्रता के इस भूकंप ने तालिबान शासन वाले इस पर्वतीय देश में हाहाकार मचा दिया। अब तक 509 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1500 से अधिक लोग घायल हैं। हजारों घर मलबे में तब्दील हो गए हैं। पर्वतीय इलाका होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी कठिनाइयाँ आ रही हैं।

यूएस भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जलालाबाद शहर से करीब 17 मील की दूरी पर था। लगभग दो लाख की आबादी वाले इस शहर के साथ-साथ गरहार और कुनार प्रांत भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। राजधानी काबुल से करीब 100 मील दूर स्थित जलालाबाद में भारी तबाही दर्ज की गई है।

भारत और पाकिस्तान में भी झटके महसूस

भूकंप इतना शक्तिशाली था कि इसके झटके भारत के कई हिस्सों, खासकर दिल्ली-एनसीआर में भी महसूस किए गए। पाकिस्तान में भी कंपन दर्ज किए गए। इसी प्रांत में करीब 20 मिनट बाद एक और झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 4.5 और गहराई 10 किलोमीटर थी। यह स्थानीय समयानुसार रात 11:47 बजे आया।

अफगानिस्तान क्रिकेटर गुरबाज़ का शोक संदेश

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि, “अफ़ग़ानिस्तान के कुनार में आए दुखद भूकंप से बेहद दुखी हूँ। मेरी प्रार्थनाएँ पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। अल्लाह शहीदों को जन्नत, घायलों को स्वास्थ्य और सभी प्रभावितों को शक्ति प्रदान करे।”

एक महीने में पाँचवीं बार भूकंप

अफगानिस्तान भूकंप संवेदनशील इलाका है और यहाँ अक्सर कंपन दर्ज किए जाते हैं। बीते एक महीने में यह पाँचवीं बार भूकंप आया है। इससे पहले 27 अगस्त को 5.4, 17 अगस्त को 4.9, 13 अगस्त को 4.2 और 8 अगस्त को 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

2023 की भयावह यादें ताजा

इससे पहले 7 अक्टूबर 2023 को भीषण भूकंप ने अफगानिस्तान को झकझोर दिया था। उस समय तालिबान सरकार ने चार हजार मौतों का दावा किया था, जबकि संयुक्त राष्ट्र ने 1500 मौतों की पुष्टि की थी।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!