छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय, बस्तर-सुकमा में बाढ़ जैसे हालात

4 सितंबर तक बारिश में बढ़ोतरी की संभावना, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, वहीं बस्तर और सुकमा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने 4 सितंबर तक पूरे प्रदेश में वर्षा की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
विभाग ने जानकारी दी है कि लगभग 28 जिलों में सुबह तीन घंटों के लिए हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में सर्वाधिक 52.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
- रायपुर का अधिकतम तापमान: 33 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान: 25 डिग्री सेल्सियस
- दुर्ग का अधिकतम तापमान: 33.8 डिग्री सेल्सियस
- पेण्ड्रा रोड का न्यूनतम तापमान: 22 डिग्री सेल्सियस
सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम विज्ञानियों के अनुसार औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका बीकानेर, अजमेर, गुना, दमोह, रायपुर और पुरी से होते हुए बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग तक सक्रिय है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 से 5.8 किमी ऊंचाई तक बना हुआ है। वहीं, 2 सितंबर, 2025 के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



