मध्यप्रदेश में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस अनिवार्य: शिक्षा विभाग सख्त, आदेश उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की उपस्थिति व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। लोक शिक्षण संचालक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अब शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस को हर हाल में अनिवार्य रूप से लागू किया जाए।
विभाग का कहना है कि कई संस्था प्रधान स्वयं ई-अटेंडेंस नहीं दर्ज कर रहे, जिसके कारण शिक्षक भी इस प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए विभाग ने साफ किया है कि आदेश का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारियों को न केवल आदेश का पालन सुनिश्चित करने बल्कि इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग का यह कदम स्कूलों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

वहीं, इस सख्ती से शिक्षकों और संस्था प्रधानों पर नियमित उपस्थिति दर्ज करने का दबाव बढ़ेगा, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता आने की उम्मीद है।



