छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय : कई जिलों में अलर्ट, राजधानी रायपुर में बादल छाए रहेंगे

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मंगलवार को हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहेगा, वहीं कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।
दक्षिण तटीय ओडिशा पर बने अवदाब के असर से सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा हुई। नारायणपुर में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, वहीं औंधी में 10, बास्तानार, दरभा और भैरमगढ़ में 8, नानगुर, कटेकल्याण और जगदलपुर में 7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि 20 अगस्त से दक्षिण छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। वहीं मानसून की द्रोणिका दीव, सूरत, नंदुरबार, अमरावती होते हुए दक्षिण आंतरिक ओडिशा के ऊपर बने अवदाब से गुजर रही है, जिससे प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
अलर्ट जारी
बुधवार सुबह मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
- ऑरेंज अलर्ट : उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली। यहां मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवा (30–40 किमी/घंटा) के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है।
- यलो अलर्ट : बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत अन्य जिलों में मध्यम वर्षा की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान पर बादल छाए रहेंगे। दिनभर बीच-बीच में वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



