छत्तीसगढ़ में आज होगा साय मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन नए मंत्री लेंगे शपथ

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार का मंत्रिमंडल आज विस्तारित होगा। राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में सुबह 10:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है। राज्यपाल रमेन डेका इस अवसर पर अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, आरंग विधायक गुरु खुशवंत, और दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष, भाजपा विधायक दल और सभी मंत्रीगण मौजूद रहेंगे।
सीएम साय का सूरजपुर दौरा
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सूरजपुर जिले के दौरे पर रवाना होंगे। कार्यक्रम अनुसार, वे दोपहर 12 बजे रायपुर हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे और दोपहर 1:15 बजे सूरजपुर पहुंचकर भाजपा के नए कार्यालय अटल कुंज का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:50 बजे वे रजत जयंती महोत्सव के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम 5 बजे रायपुर लौट आएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी होंगे शामिल
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज सुबह दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे। वे सीधे 10:30 बजे राजभवन पहुंचकर नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी दिल्ली रवाना
राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज दिल्ली जाएंगे। वे विज्ञान भवन में आयोजित GST परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित जीएसटी सुधारों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा वे दिल्ली में अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
जैन समाज का पर्युषण महापर्व आज से
जैन समाज का सबसे बड़ा पर्व पर्युषण महापर्व आज से शुरू हो रहा है। रायपुर स्थित श्रीजिनकुशल सूरी जैन दादाबाड़ी, एमजी रोड में साध्वी भगवंत हंसकीर्तिश्री व साध्वी मंडल के सानिध्य में यह आयोजन होगा। यह पर्व 20 से 27 अगस्त तक मनाया जाएगा। प्रतिदिन रात 8 से 10 बजे तक संगीतमय भक्ति कार्यक्रम होंगे। प्रथम दिवस पर गायक राहुल झाबक भक्ति प्रस्तुति देंगे।
रायपुर में बीएसएनएल पेंशनर्स का परिमंडल अधिवेशन
अखिल भारतीय बीएसएनएल डीओटी पेंशनर्स एसोसिएशन (AIBDPA) का छठवां द्विवार्षिक परिमंडल अधिवेशन आज रायपुर के गॉस मेमोरियल भवन, जयस्तंभ चौक में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें बिलासपुर, बलौदाबाजार, भिलाई, धमतरी, राजिम, दुर्ग, राजनांदगांव और रायगढ़ से सैकड़ों पेंशनर्स शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगठन के केंद्रीय महासचिव केजी जयराज होंगे। अध्यक्षता परिमंडल अध्यक्ष पीसी तिवारी करेंगे। अधिवेशन में आरएस भट्ट, जितेंद्र नाथ नस्कर, ओंकारनाथ, अमर सिंह, दुर्गा प्रसाद निषाद, धर्मराज महापात्र, चंद्रशेखर, दिनेश पटेल समेत कई वक्ता संबोधन देंगे।



