NCERT विवाद के बाद भोपाल सांसद का दावा: “भोपाल मुसलमानों और अल्पसंख्यकों का शहर नहीं, सही इतिहास पढ़ाया जाए”

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // NCERT के इतिहास पाठ्यक्रम और देश के विभाजन को लेकर मध्यप्रदेश में सही इतिहास पढ़ाने की मांग उठी है। इस पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भोपाल सिर्फ मुसलमानों या अल्पसंख्यकों का शहर नहीं है, बल्कि इसका गौरवशाली इतिहास हजार साल पुराना है। सांसद शर्मा ने बताया कि भोपाल सम्राट अशोक, चंद्रगुप्त मौर्य, राजा भोज, परमार वंश और रानी कमलापति का है। उन्होंने कहा कि 700 साल तक हिंदू शासकों का राज रहा, उसके बाद बेगम और नवाब आए।
आलोक शर्मा ने कहा कि NCERT के पाठ्यक्रम में देश विभाजन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताने पर विवाद बढ़ा है। उनका कहना है कि देश का विभाजन मुस्लिम लीग और ब्रिटिश सरकार के इशारे पर हुआ और जिन्ना के कारण भी देश विभाजित हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाली पीढ़ी को यह सच्चा इतिहास पढ़ाया जाना चाहिए।
सांसद ने भोपाल के अंतिम नवाब हमीदुल्लाह को देशद्रोही बताते हुए कहा कि उनके कारण आजादी देर से मिली और वह पाकिस्तान के समर्थन में थे। उन्होंने इतिहास सुधार और शहर में नवाबों के नाम पर रखे गए संस्थानों और जगहों के नाम बदलने की आवश्यकता पर भी बल दिया।



