नन्हे बाल गोपालों की अठखेलियों से महक उठा मुख्यमंत्री निवास, CM साय ने बच्चों संग हर्षोल्लास के साथ मनाई जन्माष्टमी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के मुख्यमंत्री निवास में इस बार जन्माष्टमी का उत्सव बैरन बाजार स्थित आंगनबाड़ी के नन्हें-मुन्ने बच्चों के साथ धूमधाम से मनाया। बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धरकर अपनी मनमोहक अठखेलियों और वेशभूषा से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
मुख्यमंत्री निवास परिसर फूलों, रंग-बिरंगी रोशनियों और सजावट से सुसज्जित था, जिससे वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया। छोटे-छोटे बच्चों ने कृष्ण-लीला की झांकियां और प्रसंग प्रस्तुत किए, जिनकी मासूमियत और भावपूर्ण अभिनय ने सभी का मन मोह लिया।
मुख्यमंत्री साय ने बच्चों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली व विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की लीला हमें धर्म, नीति और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देती है। बच्चों को स्नेहपूर्वक अपने हाथों से चॉकलेट, शिक्षण सामग्री और प्रसाद का वितरण भी किया।

उन्होंने इस अवसर पर कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मितुल कोठारी, सुनील पिल्ले, मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।




