रायपुर संभाग

कैबिनेट विस्तार से पहले सीएम साय की राज्यपाल से मुलाकात, तीन नए मंत्री बनाए जाने की तैयारी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम अचानक राजभवन पहुंचे और राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में आगामी कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को नए मंत्रियों के नाम सौंप दिए हैं। इससे अटकलें तेज हो गई हैं कि 18 अगस्त से पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा।

विदेश दौरे से पहले होगा विस्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 22 अगस्त से पहले विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा हाईकमान ने मंत्रिमंडल विस्तार को मंजूरी दे दी है। संभावना जताई जा रही है कि हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्री बनाए जाएंगे। वर्तमान में 11 मंत्री हैं, ऐसे में 3 नए चेहरे शामिल होंगे।

कौन बन सकते हैं मंत्री ?

सूत्रों के मुताबिक इस बार तीन नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं—

  • गुरु खुशवंत सिंह (आरंग): सतनामी समाज के बड़े संत और भंडारपुरी गद्दी के उत्तराधिकारी गुरु बालदास के बेटे। भाजपा दलित वोट बैंक को साधने के लिए उन्हें मंत्री बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।
  • राजेश अग्रवाल (अंबिकापुर): कांग्रेस सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को हराकर जीतने वाले नेता। वैश्य समाज से आते हैं, जिसे मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठ रही है।
  • गजेंद्र यादव (दुर्ग): आरएसएस पृष्ठभूमि और यादव समाज से जुड़े विधायक। ओबीसी वर्ग में मजबूत पकड़ और संगठन के समर्थन के चलते उनकी दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है।

समीकरण साधने की कोशिश

भाजपा रणनीतिकारों के अनुसार, यह विस्तार सामाजिक और राजनीतिक दोनों समीकरण साधने का प्रयास है। दलित, ओबीसी और वैश्य वर्ग से प्रतिनिधित्व देकर आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संदेश देने की तैयारी है।

वर्तमान मंत्रियों की सूची

वर्तमान में छत्तीसगढ़ सरकार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत 11 मंत्री हैं—

  1. विष्णु देव साय – मुख्यमंत्री (सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, आबकारी, परिवहन)
  2. अरुण साव – उप मुख्यमंत्री (लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विधि और विधायी कार्य, नगरीय प्रशासन)
  3. विजय शर्मा – उप मुख्यमंत्री (गृह एवं जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी)
  4. राम विचार नेताम – मंत्री (आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि)
  5. दयालदास बघेल – मंत्री (खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण)
  6. केदार कश्यप – मंत्री (संसदीय कार्य, वन, जल संसाधन, कौशल विकास, सहकारिता)
  7. लखन लाल देवांगन – मंत्री (वाणिज्य और उद्योग, श्रम)
  8. श्याम बिहारी जायसवाल – मंत्री (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, बीस सूत्रीय कार्यक्रम)
  9. ओ.पी. चौधरी – मंत्री (वित्त, आवास एवं पर्यावरण, योजना)
  10. लक्ष्मी राजवाड़े – मंत्री (महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण)
  11. टंकराम वर्मा – मंत्री (खेलकूद, युवा कल्याण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन)

👉 कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। अब नजरें 18 अगस्त से पहले होने वाले शपथग्रहण समारोह पर टिकी हैं।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!