रायपुर में आज कई अहम आयोजन, मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री करेंगे विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और आसपास के जिलों में आज कई महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके साथ ही राजधानी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय देंगे साइबर सतर्कता रथ को हरी झंडी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सीएम हाउस में आयोजित फ्लैगिंग ऑफ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साइबर सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे अवंती विहार में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राजधानी में जन्माष्टमी महोत्सव
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी रायपुर में धार्मिक उल्लास का माहौल रहेगा। इस्कॉन टेम्पल, इंडोर स्टेडियम, ललित महल सहित विभिन्न मंदिरों और स्थलों पर विशेष आयोजन होंगे। दही हांडी उत्सव भी कई जगहों पर मनाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव का मुंगेली दौरा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे। सुबह 10:30 बजे वे बिलासपुर से रवाना होकर जिले की कई ग्राम पंचायतों का दौरा करेंगे। इसके साथ ही वे लोरमी में यादव समाज द्वारा आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यूपी-बिहार दौरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दोपहर रायपुर से दिल्ली रवाना होंगे। इसके बाद रात को वाराणसी पहुंचेंगे। कल वे बिहार के सासाराम जिले में राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” रैली में शामिल होंगे। रैली के बाद वे दिल्ली लौट जाएंगे।
अंबेडकर अस्पताल की OPD रहेगी खुली
राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में तीन दिन के अवकाश के बीच एक दिन OPD सेवाएं जारी रहेंगी। अस्पताल प्रबंधन ने तय किया है कि 16 अगस्त (शनिवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक OPD खुलेगी। हालांकि आपातकालीन सेवाएं (Emergency) हमेशा की तरह 24 घंटे जारी रहेंगी।
सर्राफा बाजार रहेगा बंद
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रायपुर का सर्राफा बाजार आज बंद रहेगा। यह निर्णय रायपुर सर्राफा एसोसिएशन ने पारंपरिक नियमों के तहत लिया है। इससे पहले स्वतंत्रता दिवस पर भी बाजार बंद रखा गया था।
कंप्यूटर टैली प्रशिक्षण के लिए आज अंतिम तिथि
बड़ौदा आरसेटी ने बताया कि कंप्यूटर टैली प्रशिक्षण हेतु आवेदन की अंतिम तिथि आज 16 अगस्त है। इच्छुक युवा आवश्यक दस्तावेजों के साथ बरोण्डा बाजार स्थित आरसेटी केंद्र में पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड की प्रतियां, 12वीं पास की अंकसूची और 5 पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक हैं। पंजीयन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।



