रायपुर संभाग

स्वतंत्रता दिवस: पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ध्वजारोहण, तस्वीरों में देखें खास पल

पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ध्वजारोहण, 34 जवानों को मिला सम्मान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता दिवस परेड का निरीक्षण करते हुए मार्चपास्ट की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित किया और राज्य के विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के संकल्प को दोहराया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए 34 पुलिस जवानों को सम्मानित किया गया। मार्चपास्ट में 792 जवानों के साथ एनसीसी कैडेट भी शामिल हुए, जबकि अश्वरोही दल ने अपने अद्भुत करतबों से दर्शकों का मन मोह लिया। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सभी वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ देश के पराक्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है।

सीएम साय ने कहा कि मार्च 2026 तक प्रदेश को माओवादी आतंक से मुक्त करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। नियद नेल्लानार योजना से 327 गांवों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 11,728 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। नवा रायपुर में 100 करोड़ की लागत से एजुकेशन सिटी का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने बताया कि सुशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके तहत सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है और ऑनलाइन रजिस्ट्री की सुविधा शुरू की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 441 करोड़ रुपये की परियोजनाएं लागू की जा रही हैं।

अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि आत्मनिर्भर भारत के लिए हर नागरिक स्वदेशी वस्तुओं को अपनाए, गुणवत्ता और स्थिरता को प्राथमिकता दे, नवाचार में सबसे पहले भारत के हित को सोचे, किसान पर्यावरण अनुकूल कृषि अपनाएं और हर क्षेत्र में निर्भरता से आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएं।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!