बंगाल की खाड़ी से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर तेज होने की संभावना, दक्षिण अंचल में भारी वर्षा अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से पड़ी तेज गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहतभरी खबर दी है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से राज्य में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिसमें सबसे अधिक दक्षिण छत्तीसगढ़ में वर्षा का जोर रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज भी कई जगहों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा दर्ज की गई, वहीं बस्तर और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सिनोप्टिक स्थिति
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र वर्तमान में सक्रिय है। इससे जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुक रहा है। अगले 24 घंटों में यह सिस्टम दक्षिण ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।

इसके साथ ही, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका बीकानेर, वनस्थली, गुना, दमोह, बिलासपुर, कलिंगपट्टनम होते हुए बंगाल की खाड़ी के पश्चिमोत्तर व पश्चिम-मध्य हिस्सों तथा दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश तटों पर निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से गुजर रही है। बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग से लेकर कच्छ से लगे उत्तर-पूर्व अरब सागर तक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका भी सक्रिय है, जो ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण से जुड़ी हुई है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुकी हुई है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। तापमान 25 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।



