बिलासपुर संभाग

बिलासपुर स्मार्ट सिटी की सख्त कार्रवाई: अरपा प्रोजेक्ट ठेकेदार पर 3 करोड़ जुर्माना, ठेका निरस्त कर नया टेंडर जारी

बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने निर्माण कार्य में सुस्ती और देरी करने वाले ठेकेदारों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए का जुर्माना लगाया और ठेके निरस्त कर दिए। इस कदम से ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।

(शिखर दर्शन) //

बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने पहली कार्रवाई अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना के तहत की। नदी की बांई ओर इंदिरा सेतु से पुराना पुल तक निर्माणाधीन सड़क कार्य के लिए 49.94 करोड़ रुपए की लागत से मेसर्स गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर को कार्यादेश जारी किया गया था। समयावधि समाप्त होने के बाद भी ठेका कंपनी ने कार्य पूरा नहीं किया। इसके बाद एक्सटेंशन देने के बावजूद काम में रुचि नहीं दिखाई।

एमडी अमित कुमार के निर्देश पर 2 अप्रैल को 37.50 लाख रुपए का अर्थदंड लगाया गया, लेकिन कार्य प्रगति न लाने पर 14 अगस्त को 6 प्रतिशत की दर से 2.99 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया और ठेका निरस्त कर नया टेंडर जारी किया गया। निरस्तीकरण के बाद शेष राशि पर 11.32 लाख रुपए का अतिरिक्त अर्थदंड भी लगाया गया, जिससे कुल जुर्माना 3.10 करोड़ रुपए हो गया।

इसी तरह अरपा नदी में दूषित जल को रोकने के लिए मंगला में 10 एमएलडी और 6 एमएलडी क्षमता के दो एसटीपी निर्माणाधीन हैं। श्रद्धा कंस्ट्रक्शन को कार्य मिला था, लेकिन कई नोटिस और पेनाल्टी के बावजूद काम में प्रगति नहीं हुई।

10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी पर 19 मई को 40.62 लाख और 14 अगस्त को 94.78 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया, कुल 1.35 करोड़ रुपए हुआ। 6 एमएलडी एसटीपी पर 26.07 लाख और 60.83 लाख रुपए का जुर्माना लगाकर कुल 64.9 लाख रुपए किया गया। दोनों प्रोजेक्ट के ठेके निरस्त करने के लिए अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया गया है।

अरपा उत्थान योजना के लिए नया टेंडर जारी

इंदिरा सेतु से नया पुल तक सड़क और निर्माण कार्य पूरा करने के लिए बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने अटल पथ मार्ग पर 9.73 करोड़ रुपए का नया टेंडर जारी किया है। यह कदम बिलासपुर स्मार्ट सिटी की सख्ती और समय पर कार्य पूर्ण करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!