स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ के 25 पुलिसकर्मियों को मिलेगा पदक, गृह मंत्रालय ने की घोषणा…

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के 25 पुलिसकर्मियों को विभिन्न राष्ट्रीय पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। इनमें गैलेंट्री मेडल (GM), प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस (PSM) और मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) शामिल हैं। यह सम्मान आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, वामपंथी उग्रवाद से निपटने और उत्कृष्ट सेवा देने में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाते हैं।

14 पुलिसकर्मियों को मिलेगा गैलेंट्री मेडल
असाधारण साहस और उत्कृष्ट परिचालन क्षमता के लिए 14 पुलिसकर्मियों के नाम गैलेंट्री मेडल के लिए घोषित किए गए हैं। इनमें आईपीएस अधिकारी सुनील शर्मा (पुलिस अधीक्षक), संदीप कुमार मडिले (उप निरीक्षक) और आरक्षक मदकम पांडु, मदकम हदमा, मदकम देव, बरसे हुंगा, रोशन गुप्ता सहित अन्य शामिल हैं।
कर्तव्य-पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वर्गीय रामूराम नाग (सहायक उप निरीक्षक), स्वर्गीय कुंजाम जोगा (आरक्षक) और स्वर्गीय वंजाम भीमा (आरक्षक) को मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
पीएसएम से सम्मानित होंगे जेल डीजी हिमांशु गुप्ता
लंबे समय तक उच्च कोटि की सेवा और नेतृत्व क्षमता के लिए जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान राज्य में पुलिसिंग और जनसुरक्षा में निरंतर योगदान के लिए दिया जा रहा है।
10 पुलिसकर्मियों को मिलेगा मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस
लगन, अनुकरणीय सेवा और निरंतर योगदान के लिए 10 पुलिसकर्मी मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित होंगे। इनमें पुलिस महानिरीक्षक ध्रुव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, कमांडेंट श्वेता राजमणि, पुलिस अधीक्षक रवी कुमार कुर्रे, निरीक्षक (एमआईएन) कौशल्या भट्ट, सहायक पुलिस महानिरीक्षक रोहित कुमार झा, निरीक्षक (एमआईएन) कमलेश कुमार मिश्रा, प्लाटून कमांडर दल सिंह नामदेव, कंपनी कमांडर दिलीप कुमार साहू और सहायक उप निरीक्षक सुशील कुमार बरुआ शामिल हैं।

स्वतंत्रता दिवस के इन सम्मानों में 14 गैलेंट्री मेडल, एक प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस और 10 मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। यह सम्मान राज्य के पुलिसकर्मियों के साहस, नेतृत्व और समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर सलाम करते हैं और देश की सुरक्षा में छत्तीसगढ़ की मजबूत भूमिका को रेखांकित करते हैं।



