रायपुर संभाग

स्वतंत्रता दौड़ में दौड़े मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, तिरंगे की शान और बलिदानियों के गौरव को किया नमन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // हमारा तिरंगा पूर्वजों के वर्षों के संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक है, और इसकी शान को सदैव बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। यही संदेश आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में दिया। हजारों युवाओं के साथ दौड़ में शामिल होकर उन्होंने भारत माता और अमर बलिदानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगे में करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाएं समाई हैं, जो वीरता, शांति और समृद्धि का अमिट प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में तिरंगामय माहौल का उल्लेख करते हुए कहा कि हर-घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस को जन-जन से जोड़ दिया है। यह केवल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता का जीवंत प्रतीक है।

अपने बचपन की यादें साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि स्कूल के दिनों में प्रभात फेरी और देशभक्ति गीतों से गांव-गांव गूंज उठता था, और वही गर्व आज भी महसूस होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सरकार विज़न डॉक्यूमेंट के अनुरूप कार्य कर रही है, और यह सभी नागरिकों का साझा संकल्प है।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने स्वतंत्रता दौड़ को आजादी के संघर्ष का प्रतीक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ और श्रेष्ठ भारत के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री ने समृद्धशाली छत्तीसगढ़ का सपना देखा है, जिसे पूरा करने में सभी को योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!