बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी, महिला से 2 लाख की वसूली — कथित पत्रकार समेत दो गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार
रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर में एक महिला से 2 लाख रुपये की अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कथित पत्रकार और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी आकाश तिवारी (35) मूल रूप से जांजगीर-चांपा के ग्राम खोखर का निवासी है और फिलहाल रायपुर के भाटागांव इलाके के आनंद विहार में किराए के मकान में रह रहा था। वह ‘दबंग टुडे’ नामक पोर्टल में पत्रकार के रूप में कार्यरत होने का दावा करता है। दूसरा गिरफ्तार आरोपी अनुराग शर्मा (30) रायपुरा के सत्यम विहार का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को न्यू चांगोरा भाठा के मटखोलवा पारा निवासी रेणुका नेताम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बेटा शिवा नेताम थाना डी.डी. नगर पुलिस की हिरासत में था। इसी दौरान आकाश तिवारी ने खुद को पत्रकार बताते हुए और बड़े अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर महिला को धमकाया। उसने कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसके बेटे को 10 साल की सजा दिलवा देगा।
आरोपियों ने 12 अगस्त की दोपहर मंगल होटल के पास महिला से 2 लाख रुपये नकद लिए और वहां से फरार हो गए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने बी.एन.एस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और उनके कब्जे से 2 लाख में से 1 लाख 89 हजार रुपये बरामद किए हैं। वहीं तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
