छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन झमाझम का दौर, 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में उमस भरी गर्मी से राहत का सिलसिला शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के 15 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आज और कल कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
पिछले 24 घंटे में कई जगह भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में सभी संभागों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा कुसमी में 8 सेमी रिकॉर्ड की गई। पथरिया, मैनपाट, मुंगेली, पिपरिया, ओरछा, कोरबा में 3-3 सेमी, बेमेतरा, कुआर्कोडा, खरोरा, तोंगपाल, माकड़ी, डोंगरगढ़ में 2-2 सेमी, और कई अन्य स्थानों पर 1 सेमी बारिश दर्ज हुई।
सिनोप्टिक सिस्टम का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका भटिंडा, पटियाला, देहरादून होते हुए अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है। दक्षिण बिहार से उत्तर ओडिशा तक एक द्रोणिका रेखा बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके चलते अगले 48 घंटों में पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पश्चिम में निम्न दबाव का क्षेत्र और स्पष्ट होने की संभावना है। इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी से लेकर उत्तर आंतरिक कर्नाटक तक समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर पूर्व-पश्चिम द्रोणिका बनी हुई है।
इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
अगले तीन घंटों में बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद सहित कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान बादलों से ढका रहेगा और बूंदाबांदी जारी रह सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
