Blog

CM साय का खैरागढ़-छुईखदान-गंडई दौरा, राजधानी में BJP की तिरंगा यात्रा, YUWA की मशाल रैली और स्वतंत्रता दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी और प्रदेश के कई जिलों में आज दिनभर राजनीतिक, सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों की हलचल रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विकास योजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन, देवारीभाठ में डीपीआरसी भवन का लोकार्पण, जिला अस्पताल और कलेक्ट्रेट भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। शाम को रायपुर लौटकर भाजपा की तिरंगा यात्रा की अगुवाई करेंगे, जो शाम 4 बजे शहीद स्मारक भवन से शुरू होकर तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर समाप्त होगी। 1500 मीटर लंबा विशाल तिरंगा इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रहेगा। यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, विधायक, सांसद, पूर्व सैनिक और स्वयंसेवी संगठन शामिल होंगे। यात्रा के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

इधर, छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस आज रात 8 बजे ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट चोरी रोको’ मशाल रैली निकालेगी। रैली राजीव गांधी चौक से शुरू होकर निर्वाचन आयोग तक जाएगी, जिसमें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के तहत रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आज सुबह फाइनल ड्रेस रिहर्सल हुई। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना, एनसीसी और ओडिशा पुलिस की कुल 16 टुकड़ियां शामिल रहीं। आईपीएस अधिकारी एवं आजाद चौक सीएसपी ईशु अग्रवाल ने नेतृत्व किया। तीसरी वाहिनी अमलेश्वर का अश्वरोही दल हार्स शो पेश करेगा, जबकि महिला बैग पाइपर बैंड पहली बार प्रस्तुति देगा। मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे होगा, जिसमें सीएम साय ध्वजारोहण करेंगे।

महिलाओं के लिए अच्छी खबर है कि महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के आवेदन 15 से 31 अगस्त तक पुनः लिए जाएंगे। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग से होगी।

सामाजिक मोर्चे पर, गहोई यूथ ग्रुप ने रायपुर यातायात पुलिस की सड़क दुर्घटनाएं रोकने की मुहिम में सहयोग किया। ग्रुप ने अपने निजी फंड से गायों को रेडियम बेल्ट लगाने के लिए बेल्ट उपलब्ध कराए। इस अवसर पर यातायात पुलिस के एएसपी प्रशांत शुक्ला और डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

शहर में आज होटल शैमरॉक ग्रीन्स में दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक जनरेटिव एआई पर वर्कशॉप आयोजित होगी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय वक्ता श्रेय बजाज प्रशिक्षण देंगे। वहीं, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर विशेष वार्ता का प्रसारण आकाशवाणी रायपुर के युववाणी कार्यक्रम में शाम 5.10 से 6 बजे तक होगा।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!