पुलिस आरक्षक पर लाठी-रॉड से जानलेवा हमला, आरोपी तीन युवक गिरफ्तार
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक गंभीर घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कश्यप कॉलोनी के पास पुलिस आरक्षक दिलीप सिंह पर हमला हुआ। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक दिलीप सिंह अपनी निजी गाड़ी से जा रहे थे। तभी एक युवक ने उनकी गाड़ी को जानबूझकर ठोकर मार दी। आरक्षक ने इस हरकत पर आपत्ति जताई, जिससे विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ते ही तीन युवक वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से आरक्षक पर हमला बोल दिया।

हमले में आरक्षक दिलीप सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
थाना इंचार्ज देवेश राठौर ने बताया कि गाड़ी को ठोकर मारने के विवाद के चलते तीनों आरोपियों ने जानलेवा हमला किया है। घायल आरक्षक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे मामले की पड़ताल की जा सके।
यह घटना बिलासपुर में पुलिस कर्मियों पर हमला करने की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शहर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया है। पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही आरोपियों को सख्त सजा दिलाने का दावा किया है।



