मॉडल के सामने बीच सड़क पर अश्लील हरकत करने वाला युवक गिरफ्तार, CCTV जांच से हुआ पर्दाफाश
गुरुग्राम ( शिखर दर्शन ) // गुरुग्राम के राजीव चौक पर जयपुर की एक मॉडल के सामने बीच सड़क पर अश्लील हरकत करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज वारदात 5 अगस्त को हुई थी, जिसका वीडियो पीड़िता ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई और सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अभिलाष कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। अभिलाष पेशे से सिविल इंजीनियर है और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर सालाना 14 लाख रुपये के पैकेज पर कार्यरत है। वह विवाहित है और एक बच्चे का पिता भी है।
वारदात वाले दिन अभिलाष मास्क पहनकर राजीव चौक पर मौजूद था। उसने मॉडल को अकेला देखकर उसके सामने हस्तमैथुन करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने तुरंत वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। इसके बाद इंस्पेक्टर कृष्ण के नेतृत्व में एसआई ममता की अगुवाई में विशेष टीम गठित हुई, जिसने पैदल मूवमेंट, गाड़ियों की पार्किंग और रूट एनालिसिस के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तारी के बाद जांच में यह भी सामने आया कि अभिलाष ने इससे पहले JMD बिल्डिंग में काम करने वाली एक अन्य युवती के साथ भी छेड़छाड़ की थी। पुलिस अब इस मामले में भी उसे नामजद करने की तैयारी कर रही है।
पूछताछ में अभिलाष ने कबूला कि उसने युवती को अकेला देखकर यह हरकत की। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उसने और भी वारदातों को अंजाम दिया है।
पीड़िता ने बताया कि वीडियो साझा करने के बाद उसे सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने उसके पहनावे पर टिप्पणी की, जबकि घटना के समय वह सामान्य लोअर और टी-शर्ट में थी। उसने स्पष्ट कहा कि “अगर मैंने बुर्का भी पहना होता, तो भी यह घटना हो सकती थी,” और दोष हमेशा अपराधी का ही होता है, पीड़िता का नहीं।

