मध्यप्रदेश

रानी कमलापति स्टेशन से लापता सिविल जज एस्पिरेंट अर्चना तिवारी मामले में प्रेम प्रसंग का एंगल, बैतूल तक युवक के साथ ट्रेन में देखे जाने का दावा

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से लापता हुई सिविल जज बनने की तैयारी कर रही कटनी निवासी अर्चना तिवारी के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्चना 7 अगस्त को लाल कुआं–बेंगलुरु एक्सप्रेस में एक युवक के साथ चढ़ी थी और बैतूल तक साथ सफर करते देखी गई। इसके बाद युवक बैतूल में उतर गया, जबकि अर्चना कहां गई, इसका अब तक पता नहीं चल सका है।

लापता होने से पहले कई नंबरों पर की थी बातचीत
जांच में सामने आया है कि अर्चना ने लापता होने से पहले लगातार कुछ फोन नंबरों पर बातचीत की थी। जीआरपी इन नंबरों को ट्रेस कर रही है। अब तक अर्चना किसी भी सीसीटीवी फुटेज में नजर नहीं आई है। भोपाल, नर्मदापुरम, कटनी, उमरिया और बैतूल में उसकी तलाश जारी है।

नर्मदापुरम में मिली थी आखिरी लोकेशन
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को अर्चना की आखिरी लोकेशन नर्मदापुरम के नर्मदा नदी पुल के पास मिली थी। वहीं उमरिया में उसका बैग भी बरामद हुआ है। अर्चना का मोबाइल अभी भी स्विच ऑफ है। जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त टीम बनाकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और मोबाइल का सीडीआर खंगाला जा रहा है।

रक्षाबंधन पर घर लौटते समय हुई थी गायब
कटनी की रहने वाली अर्चना इंदौर में रहकर सिविल जज की तैयारी कर रही थी। रक्षाबंधन के अवसर पर घर लौटते समय वह इंदौर से कटनी जा रही थी, लेकिन रास्ते में अचानक लापता हो गई। ट्रेन में उसकी सीट पर सिर्फ उसका सामान मिला था। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता ने भी घोषणा की है कि अर्चना को खोजने वाले को 51 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!